Saturday, April 25, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डआज से इलेक्ट्रिक बसों से करें देहरादून से दिल्ली का सफर, पहली...

आज से इलेक्ट्रिक बसों से करें देहरादून से दिल्ली का सफर, पहली बार चलेंगी लंबे रूट पर

देहरादून: उच्च श्रेणी के यात्रियों को सुविधा में इजाफा और बेहतर सेवा देने के लिए अब दून-दिल्ली मार्ग पर रोडवेज की इलेक्ट्रिक लग्जरी बस दौड़ेगी।

परिवहन मंत्री दिखाएंगे हरी झंडी
आज शनिवार को आइएसबीटी से परिवहन मंत्री चंदन रामदास इलेक्ट्रिक बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। दावा किया जा रहा कि बस में यात्रा करने वाले यात्रियों को इंजन की आवाज का भी पता नहीं चलेगा। पहले चरण में पांच बसों का अनुबंध किया गया है, जो तीन माह ट्रायल पर चलेंगी। यदि यह सफल रहीं तो 50 इलेक्ट्रिक लग्जरी बसों का अनुबंध रोडवेज की ओर से किया जाएगा।

26 सुपर लग्जरी वाल्वो बसों का संचालन
रोडवेज इस समय देहरादून-दिल्ली मार्ग पर कुल 26 सुपर लग्जरी वाल्वो बसों का संचालन कर रहा। इसमें 24 बसें दिल्ली व शेष दो बसें गुरुग्राम के लिए चल रही हैं। ये बसें डीजल से संचालित होती हैं। इस वक्त दिल्ली में प्रदूषण को लेकर जो प्रतिबंध लग रहे हैं, उसमें आठ वर्ष से अधिक आयु वाली डीजल बस दिल्ली नहीं जा सकती।

इलेक्ट्रिक या सीएनजी बस चलाने की सिफारिश
दिल्ली सरकार ने सभी राज्यों को पत्र भेज दिल्ली के लिए इलेक्ट्रिक या सीएनजी बस चलाने की सिफारिश की है। डीजल बस बीएस-6 श्रेणी की होगी, तभी दिल्ली में प्रवेश करने की अनुमति मिलेगी। बीएस-4 श्रेणी वाली बसों के दिल्ली में प्रवेश पर एक अक्टूबर से प्रतिबंध लगना था, लेकिन राज्य सरकारों के आग्रह के बाद इसे 31 मार्च 2023 तक के लिए टाल दिया गया। ऐसे में राज्यों को मार्च तक बीएस-6 डीजल बस, इलेक्ट्रिक या सीएनजी बसों की व्यवस्था करनी है।

इलेक्ट्रिक लग्जरी बसों का किया अनुबंध
इसी क्रम में उत्तराखंड रोडवेज ने मुंबई स्थित ग्रीन सेल एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के साथ इलेक्ट्रिक लग्जरी बसों का अनुबंध किया है। कंपनी ने ट्रायल के लिए पांच बसें उपलब्ध करा दी हैं, जो शनिवार से दून-दिल्ली मार्ग पर दौड़ेंगी। रोडवेज के अधिकारियों के अनुसार इलेक्ट्रिक लग्जरी बसों का दून से दिल्ली तक किराया वाल्वो बसों के समान 888 रुपये ही रहेगा। आनलाइन टिकट बुकिंग में 24 रुपये अतिरिक्त लगेंगे।

रोडवेज को मिलेंगे पांच रुपये प्रति किमी
ग्रीन सेल एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड के साथ हुए पांच बसों के अनुबंध में कंपनी रोडवेज को प्रति किमी पांच रुपये देगी। दून-दिल्ली मार्ग पर बस एक तरफ 258 किमी चलती है। यानी, पूरा फेरा 516 किमी का होगा व रोडवेज को इस एवज में सिर्फ 2580 रुपये मिलेंगे, जबकि बाकी पूरा किराया कंपनी के खाते में जाएगा।

  • परिचालक के वेतन, टोल शुल्क व चार्जिंग शुल्क का भुगतान कंपनी को करना होगा।
  • रोडवेज की ओर से कंपनी को परिचालक, चार्जिंग प्वाइंट, बस स्टेशन, परमिट, आनलाइन टिकट बुकिंग सुविधा व बस संचालन का समय दिया जाएगा। बसों पर चालक कंपनी के ही रहेंगे।

चार बार चार्ज होगी बस
रोडवेज के महाप्रबंधक दीपक जैन ने बताया कि इलेक्ट्रिक लग्जरी बस दून से दिल्ली की यात्रा में चार बार चार्ज होगी। दिल्ली रवाना होने से पहले बस को चार्ज किया जाएगा। इसके बाद मुजफ्फरनगर में रामपुर तिराहा स्थित बिकानो रेस्तरां में जब बस यात्रा ठहराव के लिए रुकेगी, तब भी आधा घंटा चार्ज किया जाएगा। वहां फास्ट चार्जिंग की सुविधा है, जिसमें यह बस पूरी चार्ज हो जाएगी।

फिर दिल्ली आइएसबीटी पर बस को चार्ज किया जाएगा। लौटते हुए बिकानो पर बस फिर चार्ज होगी। बस को दून व दिल्ली में आइएसबीटी पर पूरा चार्ज होने में तीन घंटे लगेंगे। बीच मार्ग में चार्ज होने के कारण बस नान-स्टाप नहीं रहेगी। वर्तमान में रोडवेज की बाकी सभी वाल्वो बसें दून-दिल्ली नान-स्टाप हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments