उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य लोक सेवा आयोग जल्द ही अपर पीसीएस के 63 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी करने जा रहा है। लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए आयोग ने आधिकारिक सूचना जारी कर तैयारियों में तेजी लाने का संकेत दिया है।
राज्य लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय की ओर से जारी सूचना में बताया गया कि प्रदेश में अपर पीसीएस के 63 रिक्त पदों का प्रस्ताव आयोग को प्राप्त हो चुका है। प्रस्ताव का अध्ययन किया जा रहा है और जल्द ही भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा अक्तूबर माह में प्रस्तावित है। ऐसे में अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी उसी अनुसार पूरी करने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि प्रदेश के हजारों युवा लंबे समय से अपर पीसीएस भर्ती का इंतजार कर रहे थे। आयोग की ओर से भर्ती प्रक्रिया को लेकर अपडेट जारी होने के बाद अभ्यर्थियों में उत्साह बढ़ गया है।
वहीं दूसरी ओर राज्य लोक सेवा आयोग हाईकोर्ट में सहायक समीक्षा अधिकारी, असिस्टेंट लाइब्रेरियन, अनुवादक और टाइपिस्ट के कुल 24 पदों पर भर्ती परीक्षा 19 जुलाई को आयोजित करेगा। यह परीक्षा देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी केंद्रों पर संपन्न होगी।
आयोग के अनुसार परीक्षा के प्रवेश पत्र चार जुलाई को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को डाक के माध्यम से प्रवेश पत्र नहीं भेजे जाएंगे, इसलिए सभी उम्मीदवार वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें।

