हरिद्वार: केतन हत्याकांड मामले में पीड़ित परिवार से मिलने टिहरी जा रहे भीम आर्मी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को मंगलवार को पुलिस ने हरिद्वार के शंकराचार्य चौक पर बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ता आगे बढ़ने की जिद पर अड़े रहे और मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
नगीना सांसद Chandrashekhar Azad दो गाड़ियों के काफिले के साथ हरिद्वार पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उनके काफिले को शंकराचार्य चौक पर ही रोक दिया। वहीं कुछ पदाधिकारी पहले ही वाहनों से आगे निकल गए, जिनके पीछे पुलिस अधिकारी रवाना हो गए।
बताया जा रहा है कि सांसद चंद्रशेखर आजाद और खानपुर विधायक Umesh Kumar कुछ दिन पहले भी समर्थकों के साथ टिहरी जाने के लिए निकले थे, लेकिन तब भी पुलिस ने उन्हें शंकराचार्य चौक पर रोक दिया था। उस दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच हुई धक्का-मुक्की और खींचातानी में सांसद की शर्ट फट गई थी। सांसद ने पुलिस पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया था।
घंटों चले हंगामे के बाद आईजी गढ़वाल ने फोन पर चंद्रशेखर आजाद को पीड़ित परिवार से जल्द मुलाकात कराने और मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया था, जिसके बाद वह वापस लौट गए थे। हालांकि मंगलवार को वह एक बार फिर समर्थकों के साथ टिहरी रवाना हुए, लेकिन पुलिस ने उन्हें दोबारा हरिद्वार में रोक दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

