देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद शनिवार, 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके साथ ही दावे-आपत्तियों और सत्यापन की प्रक्रिया के बाद प्रदेश में कुल कितने मतदाता अंतिम सूची में शामिल हैं, इसकी तस्वीर साफ हो जाएगी।
राज्य में एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर एसआईआर कराया गया था। 14 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी, जिसमें 71,33,785 मतदाता दर्ज थे। यह संख्या पिछले विधानसभा चुनाव की अंतिम मतदाता सूची की तुलना में करीब 8.25 लाख कम थी। हालांकि, निर्वाचन अधिकारियों ने स्पष्ट किया था कि यह प्रारूप सूची है और दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद इसमें बदलाव संभव है।
एसआईआर के दौरान मतदाताओं के नाम, पते और पात्रता का सत्यापन किया गया। इसके बाद प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया गया। अंतिम सूची के प्रकाशन के साथ यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि पुनरीक्षण के बाद कितने नाम सूची में शामिल हुए और कितनी प्रविष्टियों में बदलाव हुआ।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने शनिवार दोपहर 12 बजे पत्रकार वार्ता बुलाई है। इसमें एसआईआर के बाद तैयार अंतिम मतदाता सूची और इससे जुड़े आंकड़ों की जानकारी साझा किए जाने की उम्मीद है।

