गरमपानी। देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र सुप्रसिद्ध कैंची धाम में शनिवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर के मुख्य गेट से लेकर हाईवे के दोनों ओर हजारों भक्तों की कतार लगने से व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं। भीड़ बढ़ने के बाद मंदिर प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों को श्रद्धालुओं की आवाजाही नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे महाआरती के बाद मंदिर के कपाट खुले। इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने बाबा नीम करौरी के जयकारों के साथ आश्रम में प्रवेश शुरू किया। कुछ ही देर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गई और मुख्य गेट से हाईवे तक लंबी कतार लग गई।
हाईवे पर भी फंसे वाहन
कैंची धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से हाईवे पर भी यातायात प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर वाहन फंस गए। श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए जगह कम पड़ने से कई बार स्थिति बिगड़ती नजर आई। मंदिर प्रबंधन के सदस्यों और निजी सुरक्षा कंपनी के कर्मियों ने किसी तरह व्यवस्था संभालते हुए श्रद्धालुओं को आश्रम में प्रवेश और निकासी कराई।
बताया गया कि सुबह से ही पहली बार इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से व्यवस्थाओं पर दबाव बढ़ गया। सुबह 11 बजे तक 28 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के बाबा के दरबार में पहुंचने की बात सामने आई है।
व्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालुओं में नाराजगी
भारी भीड़ के बीच पुलिस और प्रशासन की व्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताई। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने कहा कि वीकेंड पर लगातार कैंची धाम में भीड़ बढ़ रही है, ऐसे में पहले से ही यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही को लेकर ठोस रणनीति तैयार की जानी चाहिए।
भीड़ के कारण पैदा हुई स्थिति के बीच मंदिर प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों की ओर से व्यवस्था संभालने के प्रयास किए गए। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए आने वाले वीकेंड में व्यवस्थाओं को लेकर चुनौती और बढ़ने की संभावना है।

