देहरादून। उत्तराखंड में बुधवार से मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने 23 से 25 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर जबकि मैदानी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 23 जुलाई को देहरादून, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं 24 और 25 जुलाई को भी देहरादून समेत कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ने की भी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने आगाह किया है कि लगातार बारिश के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने, सड़क और राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित होने, नदियों-नालों के उफान तथा निचले इलाकों में जलभराव जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूर रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

