देहरादून। उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर फिलहाल कुछ थमा है, लेकिन बादलों की आवाजाही के बीच कई क्षेत्रों में बौछारों का क्रम जारी है। मौसम विभाग ने शनिवार को रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है।
बदरीनाथ हाईवे सुचारू, चारधाम यात्रा जारी
चमोली जिले में रात के समय बारिश हुई, लेकिन शनिवार को मौसम साफ रहा। जिले में बदरीनाथ हाईवे सुचारू है। हेमकुंड साहिब, बदरीनाथ धाम और फूलों की घाटी की यात्रा भी जारी है। फिलहाल यात्रा मार्गों पर किसी बड़े व्यवधान की सूचना नहीं है।
रुद्रप्रयाग में मौसम सामान्य, नदियां चेतावनी स्तर से नीचे
रुद्रप्रयाग जिले में शनिवार सुबह बादल और कोहरा छाया रहा। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार रुद्रप्रयाग, ऊखीमठ और जखोली तहसीलों में बीते 24 घंटे में बारिश दर्ज नहीं की गई। जिले में एनएच और एसएच समेत सभी प्रमुख सड़क मार्ग खुले हैं।
नदियों के जलस्तर की बात करें तो अलकनंदा 625 मीटर पर बह रही थी, जबकि इसका चेतावनी स्तर 626 मीटर और खतरे का निशान 627 मीटर है। मंदाकिनी का जलस्तर 624.45 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर 625 मीटर से नीचे है। गंगानगर में नदी का जलस्तर 800.08 मीटर और गौरीकुंड में 1973.85 मीटर दर्ज किया गया। दोनों स्थानों पर जलस्तर चेतावनी स्तर से नीचे है। फिलहाल जिले में नदियों की स्थिति सामान्य बनी हुई है।

