देहरादून। उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बृहस्पतिवार को राज्य के पर्वतीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 4 अगस्त तक प्रदेशभर में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
जारी पूर्वानुमान के अनुसार बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी कई स्थानों पर तेज बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना है। लगातार सक्रिय मानसून को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम वैज्ञानिकों ने सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करें। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 4 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।

