Thursday, July 30, 2026
Homeदेहरादूनउत्तराखंड में 19 लाख मतदाताओं को नोटिस, मतदाता सूची में नाम जोड़ने-संशोधन...

उत्तराखंड में 19 लाख मतदाताओं को नोटिस, मतदाता सूची में नाम जोड़ने-संशोधन की प्रक्रिया तेज

देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने मतदाताओं से अपने नाम, पते और अन्य विवरणों का सत्यापन कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या नाम हटवाने के लिए मतदाता अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), तहसील कार्यालय या जिला निर्वाचन अधिकारी (डीएम) कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।

प्रेसवार्ता में डॉ. जोगदंडे ने बताया कि मतदाता सूची में पाई गई विसंगतियों के संबंध में करीब 19 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। वहीं 5.26 लाख मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है। ऐसे मतदाताओं से अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित प्रपत्र भरने की अपील की गई है।

उन्होंने बताया कि विभिन्न जिलों में नोटिस जारी करने की प्रक्रिया अलग-अलग स्तर पर चल रही है। अल्मोड़ा में लगभग 80 प्रतिशत, चम्पावत में 62 प्रतिशत और पौड़ी में 51 प्रतिशत नोटिस जारी किए जा चुके हैं। वहीं टिहरी में 4.7 प्रतिशत, उत्तरकाशी में 4.8 प्रतिशत और रुद्रप्रयाग में 5.5 प्रतिशत नोटिस ही अब तक जारी किए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी मामलों की बूथ स्तर पर सुनवाई की जाएगी। इसके बाद बीएलओ अपनी रिपोर्ट तैयार कर बीएलओ ऐप पर अपलोड करेंगे। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रोस्टर तैयार करेंगे और यदि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बीएलओ की रिपोर्ट से संतुष्ट होंगे तो संबंधित प्रकरण का वहीं निस्तारण कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन विभाग का उद्देश्य मतदाताओं को पूरी प्रक्रिया में अधिकतम सुविधा उपलब्ध कराना और मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध एवं अद्यतन बनाना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments