विकासनगर (देहरादून)। कोतवाली विकासनगर की कुल्हाल चौकी पुलिस ने उपद्रव और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में अज्ञात निहंगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, निहंगों ने प्रशासन की अपील को ठुकराते हुए शस्त्रों के साथ चारधाम यात्रा पर जाने की जिद की और बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए।
चौकी प्रभारी वैभव गुप्ता ने बताया कि कर्णप्रयाग (चमोली) में हाल ही में निहंगों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद के बाद सोशल मीडिया पर 25 जून को कर्णप्रयाग कूच करने की अपील की गई थी। सूचना मिलने पर प्रशासन ने हिमाचल सीमा स्थित कुल्हाल में निहंगों से वार्ता की। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम और नायब तहसीलदार ने उनसे बिना शस्त्र और छोटे-छोटे समूहों में चारधाम यात्रा करने का अनुरोध किया।
हालांकि, निहंग अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनका कहना था कि वे शस्त्रों के साथ ही सामूहिक रूप से यात्रा करेंगे और कर्णप्रयाग पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अपने साथियों की जमानत होने तक वापस नहीं लौटेंगे।
वार्ता विफल होने के बाद निहंग नए बल्लूपुर-दून-पांवटा फोरलेन स्थित बैरिकेडिंग तक पहुंचे। यहां पुलिस ने उन्हें दोबारा समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने तलवार, फर्सा, कुल्हाड़ी और भाले जैसे शस्त्र लहराते हुए बैरिकेडिंग तोड़ दी। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को धमकाया, ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया तथा आसपास खड़े वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
पुलिस का कहना है कि इस घटना से आमजन में भय का माहौल उत्पन्न हुआ और कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई। मामले में अज्ञात निहंगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, लोकसेवकों पर हमला, उपद्रव और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

