पंजाब से हिमाचल प्रदेश के रास्ते उत्तराखंड में प्रवेश की कोशिश कर रहे निहंग सिखों को लेकर शुक्रवार को भी पांवटा साहिब सीमा पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस के साथ प्रशासनिक अमला लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और सामान्य बताई जा रही है।
इधर, गुरुद्वारा पांवटा साहिब में प्रशासन और निहंग समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच सकारात्मक माहौल में वार्ता जारी है। प्रशासन को उम्मीद है कि बातचीत के माध्यम से विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकल आएगा।
शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने पांवटा साहिब सीमा का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखी जाए।

