उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने केदारनाथ हेली सेवा के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब जल्द ही चयनित हेली कंपनियों को संचालन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, जिसके बाद टिकट बुकिंग शुरू कर दी जाएगी।
इस वर्ष केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को खुलेंगे, जबकि हेली सेवा का संचालन एक दिन पहले यानी 21 अप्रैल से शुरू हो जाएगा। गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा के कुल नौ हेलिपैड से हेली सेवाएं संचालित की जाएंगी।
यूकाडा द्वारा कंपनियों का चयन कर लिया गया है और जल्द ही अलग-अलग हेलिपैड के लिए उन्हें जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। किराया तय होने के बाद ही बुकिंग की तारीख घोषित की जाएगी।
इस बार यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग की सुविधा IRCTC की वेबसाइट के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। यूकाडा के सीईओ आशीष चौहान के अनुसार, सरकार के दिशा-निर्देश मिलते ही बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

