चंपावत। पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत में गौड़ी रोड पर निर्माणाधीन साइंस सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि चंपावत साइंस सेंटर में पढ़ने वाले बाल वैज्ञानिक भविष्य में देश का नाम विश्व स्तर पर रोशन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में चंपावत विज्ञान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बताया गया कि साइंस सेंटर का निर्माण लगभग 55.52 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिसे लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाया जा रहा है। वर्तमान में परियोजना का करीब 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

