ऋषिकेश। चारधाम यात्रा के लिए गुरुवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। यात्रा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण कराने वालों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई। सुबह 9 बजे तक जहां सामान्य दिनों में करीब 3500 यात्री पंजीकरण कराते थे, वहीं गुरुवार को यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 5500 पहुंच गया।
यात्रियों की बढ़ती संख्या के चलते ऋषिकेश स्थित पंजीकरण केंद्रों और बस अड्डों पर काफी भीड़ रही। खासकर सोनप्रयाग जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रही, जिससे रोडवेज बस काउंटरों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं।
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए परिवहन निगम ने सोनप्रयाग के लिए 15 अतिरिक्त बसें रवाना कीं। वहीं निजी परिवहन कंपनियों की ओर से भी 25 से अधिक बसों का संचालन किया गया।
चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या से यात्रा मार्गों और प्रमुख पड़ावों पर रौनक बढ़ गई है। प्रशासन भी यात्रा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।

