रुद्रपुर। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद में बढ़ती गर्मी और हीट वेव के प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने आंगनबाड़ी केंद्रों तथा कक्षा 12 तक के सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार 20 मई से आगामी एक सप्ताह तक जिले के सभी विद्यालयों में केवल हाफ डे कक्षाएं संचालित की जाएंगी। अब आंगनबाड़ी केंद्र, प्री-नर्सरी और कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक ही खुलेंगे।
जिला प्रशासन ने यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है। मौसम विभाग द्वारा मैदानी क्षेत्रों में लगातार बढ़ते तापमान और हीट वेव की संभावना जताई गई है। प्रशासन का कहना है कि अत्यधिक गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन समितियों और संस्थान प्रमुखों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेश का उल्लंघन करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

