देहरादून। मौसम विभाग द्वारा 12 और 13 मई को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसे देखते हुए गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है।
आयुक्त ने कहा कि श्रद्धालु पूरी सावधानी के साथ अपनी यात्रा की योजना बनाएं और मौसम की संवेदनशीलता को देखते हुए 12 एवं 13 मई को यात्रा कार्यक्रम तय करते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें। उन्होंने सलाह दी कि यदि संभव हो तो मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा करें।
उन्होंने यात्रियों से प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की। आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

