देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत राजधानी की वीआईपी यमुना कॉलोनी में बनी एक अवैध मजार पर शुक्रवार देर रात प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। संयुक्त टीम ने सरकारी भूमि पर बनाई गई इस अवैध संरचना को ध्वस्त कर जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया।
जानकारी के अनुसार यमुना कॉलोनी के स्थानीय निवासियों ने कुछ समय पहले जिला प्रशासन से शिकायत कर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की जानकारी दी थी। जांच में भूमि सरकारी पाई गई, जिसके बाद प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई शुरू की।
अधिकारियों ने बताया कि करीब एक माह पूर्व संबंधित स्थल पर नोटिस चस्पा कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था। निर्धारित समय सीमा तक कब्जा नहीं हटाए जाने पर प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर देर रात नगर निगम, सिंचाई विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई।
नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान मौके से किसी प्रकार के धार्मिक अवशेष या अन्य सामग्री नहीं मिली।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की मंशा से बनाई गई किसी भी अवैध संरचना को बख्शा नहीं जाएगा। पहले संबंधित लोगों को स्वयं कब्जा हटाने का अवसर दिया जाएगा, अन्यथा नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राजधानी के संवेदनशील और वीआईपी क्षेत्र यमुना कॉलोनी में हुई इस कार्रवाई को धामी सरकार के सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

