भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत शुक्रवार को बड़ी संख्या में किसानों के साथ देहरादून कूच करेंगे। यह कूच हाल ही में हुए दिव्यांशु हत्याकांड के आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग को लेकर किया जा रहा है।
टिकैत ने जानकारी देते हुए बताया कि वे सुबह 11 बजे देहरादून के आशारोड़ी पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि शहर में छात्रों के खिलाफ बढ़ रही आपराधिक घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। दिव्यांशु जाटराणा मामले में जिस तरह छात्रों के एक समूह पर आरोप लगे हैं, उससे युवाओं में असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
वहीं, पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आशारोड़ी में बैरिकेडिंग कर किसानों को आगे बढ़ने से रोका जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर किसानों से ज्ञापन प्राप्त करेंगे।
पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

