Friday, October 30, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डबदरीनाथ और केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालु दें ध्‍यान, यहां के लिए बसों...

बदरीनाथ और केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालु दें ध्‍यान, यहां के लिए बसों का किराया हुआ दोगुना

ऋषिकेश। उत्तराखंड परिवहन निगम ऋषिकेश डिपो ने बदरीनाथ और सोनप्रयाग (केदारनाथ) का किराया प्रति यात्री दुगुना कर दिया है। यात्रा के लिए प्रतिदिन 20 बस लगाई गई है।

रविवार तक 50 और बस यहां पहुंच जाएंगी। इन दोनों रूट पर वापसी में सवारी ना मिलने के कारण होने वाले घाटे की भरपाई के लिए परिवहन निगम ने किराया वृद्धि का रास्ता चुना है।

चारधाम यात्रा को देखते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम ऋषिकेश डिपो की ओर से एक मई से बदरीनाथ और सोनप्रयाग के लिए सामान्य सेवा शुरू की गई थी। दोनों रूट पर यात्रियों की अत्यधिक मांग को देखते हुए परिवहन निगम प्रतिदिन 20 बस सेवाएं इन धामों के लिए संचालित कर रहा है।

सामान्य तौर पर पहले बदरीनाथ का किराया 555 रुपये प्रति यात्री था। जिसके तहत दो बस सेवाएं प्रतिदिन संचालित हो रही थी। यात्रा काल को देखते हुए विशेष बस सेवा शुरू की गई है। जिसमें अब यह किराया 1100 रुपये प्रति यात्री हो जाएगा।

सोनप्रयाग के लिए पहले 400 रुपये प्रति यात्री किराया लिया जा रहा था। अब यह किराया 800 रुपये कर दिया गया है। वहां से लौटते वक्त इन बसों में किराया पुरानी दर के हिसाब से वसूला जाएगा।

परिवहन निगम ऋषिकेश डिपो के एजीएम पीके भारती ने बताया कि परिवहन निगम की ओर से बदरीनाथ और सोनप्रयाग रूट पर जो सेवाएं दी जा रही थी। उनमें यहां से धामों के लिए तो सवारियां मिल जाती थी पर वापसी में यात्री नहीं मिल रहे हैं।

जिस कारण निगम को नुकसान उठाना पड़ रहा है। इन तमाम परिस्थितियों की समीक्षा करने के बाद किराया में वृद्धि की गई है। रविवार को दोनों स्थान पर यात्रियों को भेजने के लिए नए किराया दर के हिसाब से अब तक तो बस बुक की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि प्रतिदिन बसों के संचालन के लिए और अधिक वाहनों की जरूरत है। इस बात को ध्यान में रखते हुए रविवार को यहां 50 बस और पहुंच जाएंगी। बद्रीनाथ और सोनप्रयाग रूट पर 90 बसों का संचालन परिवहन निगम करेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -


video
play-sharp-fill

video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments