देहरादून। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। शुक्रवार को बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब में ताजा बर्फबारी हुई, जिससे आसपास के क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड बढ़ गई। बर्फ से ढकी चोटियों का नजारा बेहद मनमोहक दिखाई दिया।
मौसम विभाग ने पहले ही पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में मौसम बदलने का पूर्वानुमान जारी किया था। इसके तहत कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिली। बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेने पर मजबूर कर दिया।
वहीं, निचले इलाकों में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों और यात्रियों से खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की है।

