देहरादून। अपनी मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे नर्सिंग एकता मंच के सदस्यों का प्रदर्शन बुधवार को और तेज हो गया। कुछ आंदोलनकारी परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए और वहीं से विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कांग्रेस नेता Jyoti Rautela ने भी आंदोलन को समर्थन दिया।
टंकी पर चढ़े आंदोलनकारियों में विनोद, धर्मेंद्र, कविता, आनंद और कांग्रेस नेता ज्योति रौतेला शामिल हैं। आंदोलनकारियों ने फोन पर बताया कि उन्होंने लंबे समय से भोजन नहीं किया है और मंगलवार से मल त्याग भी नहीं किया, जिससे गैस और एसिडिटी की समस्या बढ़ रही है। उनका कहना है कि गैस सिर तक चढ़ने जैसा महसूस हो रहा है, वहीं रक्तचाप और शुगर का स्तर भी असंतुलित हो रहा है।
इस संबंध में एक वरिष्ठ फिजिशियन ने बताया कि लंबे समय तक भोजन न करने और मल त्याग न होने की स्थिति में शरीर में कीटोसिस बनने लगती है। इससे शरीर की मांसपेशियां और फैट तेजी से बर्न होने लगते हैं, जिससे कमजोरी बढ़ती जाती है। डॉक्टरों के अनुसार 48 घंटे से अधिक समय तक ऐसी स्थिति रहने पर स्वास्थ्य संबंधी गंभीर परेशानियां हो सकती हैं।
धरना स्थल पर मौजूद अन्य प्रदर्शनकारी भी सरकार से जल्द समाधान निकालने की मांग कर रहे हैं। वहीं आंदोलनकारियों की बिगड़ती हालत को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ गई है।

