रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। यात्रा मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और बिना ग्रीन कार्ड वाले वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा। व्यावसायिक और यात्री वाहनों की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में केदारनाथ यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी Ved Prakash Bhatt, एसएचओ सोनप्रयाग Rakendra Kathait सहित पुलिस बल की मौजूदगी में सोनप्रयाग पहुंच रहे श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कर शटल सेवा प्वाइंट तक भेजा जा रहा है। यहां से यात्री शटल सेवा के माध्यम से गौरीकुंड पहुंचकर केदारनाथ धाम के लिए रवाना हो रहे हैं।
चारधाम यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुआ था। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। यात्रा शुरू होने के बाद से ही प्रदेश में खराब मौसम और बारिश के कारण धामों में कड़ाके की ठंड बनी हुई है, लेकिन इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिख रही।
पर्यटन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अब तक चारधाम यात्रा में 11 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें केदारनाथ धाम में 4.50 लाख से अधिक, बदरीनाथ धाम में 2.70 लाख, गंगोत्री धाम में 1.65 लाख और यमुनोत्री धाम में 1.69 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। वहीं यात्रा पंजीकरण का आंकड़ा भी 32.75 लाख के पार पहुंच गया है।

