देहरादून: पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित “मंजुला सिंह मांजिला स्मृति अंतर क्रिकेट टूर्नामेंट” का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने खुद मैदान में उतरकर क्रिकेट खेला और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और संघर्षशीलता जैसे गुण विकसित होते हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि युवा अपनी प्रतिभा को निखार सकें।
उन्होंने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने का काम किया है। इन पहलों से युवाओं को खेलों से जुड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिल रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

