देहरादून/नई दिल्ली: कैबिनेट विस्तार और नए मंत्रियों को विभागों का बंटवारा करने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज बृहस्पतिवार को नई दिल्ली दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री कई केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे। हालांकि अभी तक केंद्रीय मंत्रियों के साथ उनकी बैठकों का औपचारिक कार्यक्रम तय नहीं हुआ है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री का यह दौरा कई अहम मुद्दों को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासतौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर भी चर्चा हो सकती है। जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री का अप्रैल माह में उत्तराखंड आगमन प्रस्तावित है, जिसके मद्देनजर मुख्यमंत्री उनसे मुलाकात कर दौरे की तैयारियों पर विचार-विमर्श कर सकते हैं।
इसके अलावा, राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री केंद्र सरकार के सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार भी व्यक्त कर सकते हैं। माना जा रहा है कि इस दौरान राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा होने की संभावना है।

