देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून विश्वविद्यालय में नवनिर्मित पुस्तकालय भवन, स्कूल ऑफ बायोलॉजिकल साइंस की प्रयोगशाला और दून विश्वविद्यालय कम्युनिटी रेडियो 88.4 एफएम का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कम्युनिटी रेडियो के माध्यम से युवाओं के लिए अपना संदेश भी प्रसारित किया।
उद्घाटन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दीक्षारंभ कार्यक्रम के तहत छात्रों के बीच पहुंचकर ‘युवा संवाद’ करेंगे। इस दौरान वह नवप्रवेशित छात्रों से सीधे संवाद कर शिक्षा, युवा आकांक्षाओं, रोजगार, नवाचार और उत्तराखंड के विकास को लेकर उनके विचार जानेंगे।
मुख्यमंत्री के विश्वविद्यालय पहुंचने को लेकर छात्रों में खासा उत्साह नजर आया। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम में नवप्रवेशित छात्रों को संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्ध सुविधाओं और आगे की पढ़ाई से संबंधित जानकारी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री के ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय के छात्रों में उत्सुकता है। संवाद के दौरान युवाओं की अपेक्षाओं और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा होने की संभावना है।

