देहरादून। झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए घटनाक्रम को लेकर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। देहरादून में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दों को लेकर राजनीति कर रही है और अलग-अलग राज्यों में उसका दोहरा चरित्र सामने आ रहा है।
सुबोध उनियाल ने कहा कि दिल्ली में छात्रों के आंदोलन को देखते हुए सरकार ने नीट परीक्षा दोबारा कराई, शिक्षा मंत्री का इस्तीफा हुआ और नकलरोधी कानून बनाया गया। उन्होंने कहा कि जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर चर्चा की बात कही तो सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन अब राहुल गांधी इससे पीछे हट रहे हैं और नए आरोप लगा रहे हैं।
उन्होंने झारखंड के घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि वहां छात्र शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार में छात्रों के दमन का आरोप लग रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का छात्रों और युवाओं के हितों से कोई लेना-देना नहीं है और वह रोज नए आरोप लगाकर लोगों को बरगलाने का प्रयास कर रही है।
‘अराजकता का माहौल बनाकर जमीन तलाश रही कांग्रेस’
कैबिनेट मंत्री ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि देश की जनता उन्हें ठुकरा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अराजकता का माहौल पैदा कर कांग्रेस अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर नेता प्रतिपक्ष देश को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
उनियाल ने कहा कि दिल्ली में जब छात्रों का आंदोलन दिखाई दिया तो सरकार ने कार्रवाई की। नीट परीक्षा दोबारा कराई गई, आरोपियों को जेल भेजा गया और सख्त नकलरोधी कानून बनाया गया। ऐसे में अब राहुल गांधी चर्चा से क्यों पीछे हट रहे हैं।
‘उत्तराखंड में नकलरोधी कानून के बाद पेपर लीक नहीं हुआ’
उत्तराखंड में पेपर लीक को लेकर सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य में नकलरोधी कानून बनने के बाद कोई पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि परीक्षा शुरू होने के बाद एक केंद्र से पेपर बाहर गया था, जो एक षड्यंत्र था। इस मामले की सीबीआई जांच चल रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों और युवाओं के हितों को लेकर गंभीर है। कांग्रेस को राजनीति करने के बजाय छात्रों के मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा करनी चाहिए।

