रामनगर/देहरादून। रामनगर और देहरादून के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। सांसद अनिल बलूनी ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 जुलाई से रामनगर से देहरादून के लिए सीधी ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया जाएगा।
सांसद बलूनी ने इसे क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कॉर्बेट सिटी के रूप में पहचान रखने वाले रामनगर के लोगों को अब देहरादून आने-जाने में अधिक सुविधा मिलेगी और सरकारी तथा निजी कार्यों के लिए राजधानी तक पहुंचना आसान होगा।
उन्होंने कहा कि इस नई रेल सेवा से उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी लाभ मिलेगा। खासकर कॉर्बेट नेशनल पार्क पहुंचने वाले पर्यटक अब सीधे रेल मार्ग से रामनगर तक पहुंच सकेंगे, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
सांसद के अनुसार, शुरुआती चरण में ट्रेन का संचालन प्रयोग के तौर पर सप्ताह में दो दिन किया जाएगा। यात्रियों की संख्या और उनकी प्रतिक्रिया के आधार पर रेलवे भविष्य में इसके संचालन को सप्ताह में चार या पांच दिन तक बढ़ाने पर विचार कर सकता है।
अनिल बलूनी ने रामनगर क्षेत्र के नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले धनगढ़ी पुल को भी आम जनता के आवागमन के लिए समर्पित किया जा चुका है और अब सीधी रेल सेवा क्षेत्र के विकास में एक और महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

