रुद्रप्रयाग। जनपद में मंगलवार सुबह मौसम सामान्य बना रहा। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार सुबह 7:30 बजे तक आसमान में हल्के बादल छाए रहे। जिले में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तहसीलों से प्राप्त वर्षा के आंकड़ों के मुताबिक ऊखीमठ में 24 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि रुद्रप्रयाग और जखोली क्षेत्र में बारिश नहीं हुई।
जिला प्रशासन के अनुसार मंगलवार सुबह 7:00 बजे तक जिले की सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर सामान्य बना हुआ है। अलकनंदा नदी का जलस्तर 623.90 मीटर, मंदाकिनी नदी का 622.28 मीटर, गंगानगर का 799.25 मीटर और गौरीकुंड का जलस्तर 1973.60 मीटर दर्ज किया गया, जो सभी अपने निर्धारित चेतावनी स्तर से नीचे हैं।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने बताया कि वर्तमान में नदियों की स्थिति सामान्य है और श्री केदारनाथ यात्रा भी सुचारू रूप से संचालित हो रही है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को किसी भी संभावित प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए पूरी सतर्कता और तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी दैवीय आपदा, दुर्घटना, मार्ग अवरोध या अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराएं, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

