देहरादून। उत्तराखंड में पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश का दौर जारी है। हालांकि, फिलहाल भारी वर्षा से कुछ राहत मिली है, लेकिन मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मानसून के फिर सक्रिय होने का पूर्वानुमान जारी किया है। शनिवार को प्रदेश के सभी जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, रविवार से बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है।
शुक्रवार को प्रदेशभर में दिन की शुरुआत बादलों के साथ हुई। पहाड़ी क्षेत्रों में कई जगह तेज बारिश हुई, जबकि देहरादून और हरिद्वार में भी कहीं-कहीं मध्यम से तेज बौछारें दर्ज की गईं। देहरादून में दिनभर बादल छाए रहे और बारिश के दो तेज दौर आए। शनिवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह रहने का अनुमान है।
इन पांच जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज से अति तेज बारिश के दौर आने की संभावना है।
रविवार से बढ़ेगी बारिश की रफ्तार
मौसम विभाग के अनुसार रविवार से प्रदेश में बारिश के दौर में तेजी आ सकती है। खासकर कुमाऊं मंडल में भारी वर्षा का असर अधिक देखने को मिल सकता है। सोमवार और मंगलवार को प्रदेशभर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
लगातार बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन और सड़क मार्ग बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में प्रशासन और संबंधित विभागों को सतर्क रहने की जरूरत है। साथ ही लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

