देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर मानसून, चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा, आपदा प्रबंधन, ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम, सत्यापन अभियान और गड्ढामुक्त सड़क अभियान समेत विभिन्न विषयों की समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारियों को आमजन की सुविधा और आपदा से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मानसून को देखते हुए प्रदेश के आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को अपने फोन चालू रखने और किसी भी परिस्थिति में संपर्क से बाहर नहीं रहने के निर्देश दिए। साथ ही संभावित आपदाओं से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी न हो।
मानसून के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की होगी मरम्मत
सीएम धामी ने जिलाधिकारियों को मानसून के दौरान अत्यधिक बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों, अवरुद्ध मार्गों और ड्रेनेज सिस्टम को हुए नुकसान का विस्तृत विवरण तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे स्थानों का चिन्हीकरण कर मानसून समाप्त होते ही सड़कों, मार्गों और ड्रेनेज व्यवस्था की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण का काम प्राथमिकता से शुरू करने को कहा।
15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त होंगी सड़कें
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून समाप्त होते ही प्रदेशभर में गड्ढामुक्त सड़क अभियान शुरू किया जाए। सभी जिलाधिकारी अपने-अपने जिलों के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें, समितियों का गठन करें और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 अक्टूबर तक प्रदेश की सभी सड़कों को हर हाल में गड्ढामुक्त किया जाए।
‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान में तेजी
मुख्यमंत्री ने मानसून के बाद ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों और गांवों में अभी तक शिविर आयोजित नहीं हुए हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर कैंप लगाए जाएं। शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि ये शिविर महज औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान का माध्यम हैं।
सत्यापन अभियान की गति बढ़ाने के निर्देश
सीएम धामी ने 1905 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की नियमित समीक्षा करने को कहा। साथ ही प्रदेशभर में चल रहे सत्यापन अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं में अपात्र लाभार्थियों का चिन्हीकरण कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा, ताकि योजनाओं का लाभ केवल पात्र लोगों को ही मिल सके।
पीएमजीएसवाई की पुरानी सड़कों का होगा आकलन
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पांच वर्ष की अवधि पूरी कर चुकी और खराब स्थिति वाली सड़कों को चिन्हित करने को कहा। इन सड़कों की स्थिति का आकलन कर डामरीकरण और सुधार के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। जरूरत के अनुसार ऐसी सड़कों को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को भी कहा गया।
नशे के खिलाफ अभियान और यातायात व्यवस्था पर जोर
मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के बाद स्वच्छता अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाने और अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री व तस्करी पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा। इसके साथ ही प्रदेश में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश जिलाधिकारियों को दिए।

