हरिद्वार। आयुर्वेदाचार्य और पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण का जन्मदिन हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ में जड़ी-बूटी दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। योग गुरु स्वामी रामदेव समेत पतंजलि योगपीठ के योगाचार्यों, वैज्ञानिकों और हजारों साधकों ने आचार्य बालकृष्ण को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान आयुर्वेद के महत्व और औषधीय पौधों पर आधारित 40 पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। इस मौके पर योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि योग और आयुर्वेद ने आज पूरी दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि योग, आयुर्वेद और सनातन की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई है।
आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि उनके जन्मदिन को पिछले करीब तीन दशकों से जड़ी-बूटी दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य औषधीय पौधों के संरक्षण और उनके महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि पतंजलि योगपीठ से प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से जुड़े लोगों की ओर से अब तक करोड़ों औषधीय गुणों वाले पौधों का रोपण किया जा चुका है। उन्होंने लोगों से औषधीय पौधों के संरक्षण और अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया।

