Wednesday, November 4, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डआज ईएसआई अस्पताल का दूसरी बार होगा शिलान्यास, पहुंचेंगे केंद्रीय मंत्री और सीएम, चर्चा...

आज ईएसआई अस्पताल का दूसरी बार होगा शिलान्यास, पहुंचेंगे केंद्रीय मंत्री और सीएम, चर्चा में कार्यक्रम

हरिद्वार। हरिद्वार सिडकुल में कर्मचारी राज्य निगम (ईएसआई) के 300 बेड के अस्पताल का शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव शिलान्यास करेंगे। इससे पहले हरिद्वार से सांसद रहे हरीश रावत अस्पताल की आधारशिला का पूजन कर चुके हैं। इस वजह से शिलान्यास कार्यक्रम चर्चाओं में है।

बनना है 300 बेड का अस्पताल
सिडकुल में कर्मचारी राज्य निगम का 300 बेड का अस्पताल बनना है। अस्पताल में 50 बेड सुपर स्पेशलिटी होंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अस्पताल का शिलान्यास करेंगे। समारोह में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री रामेश्वर तेली, प्रदेश के वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, सांसद एवं पूर्व सीएम डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, मेयर अनीता शर्मा भी मौजूद रहेंगी।

मुख्यमंत्री दोपहर साढ़े तीन बजे सीएम कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। बाकायदा सूचना विभाग ने सीएम की ओर से अस्पताल के शिलान्यास कार्यक्रम की प्रेस रिलीज भी जारी की है। जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय और एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने गुरुवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया। हालांकि, ईएसआई महानिदेशालय ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री धामी के अस्पताल के साइड निरीक्षण का कार्यक्रम जारी किया है।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम
-सीएम पतंजलि योगपीठ जाएंगे
-रुड़की में सिविल अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट एवं आईसीयू बेड का लोकार्पण करेंगे
-रुड़की स्थित नेहरू स्टेडियम में विधानसभा झबरेड़ा, रुड़की और भगवानपुर के निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे
-सिडकुल में कर्मचारी राज्य बीमा निगम के अस्पताल की आधारशिला रखेंगे

सीएम के लिए तैयार किया वाटरप्रूफ मंच
आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहली बार रुड़की पहुंच रहे हैं। माना जा रहा है कि शुक्रवार को अभिनंदन समारोह में सीएम कई घोषणाएं करेंगे। बारिश की संभावना को देखते हुए नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए वाटर प्रूफ मंच तैयार किया गया है। गुरुवार को डीएम और एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।

नेहरू स्टेडियम रुड़की में सीएम पुष्कर सिंह धामी का कार्यक्रम निर्धारित है। इससे पहले सीएम सिविल अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए गुरुवार को जहां दिनभर प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुटा रहा तो वहीं भाजपा विधायक प्रदीप बत्रा और पार्टी के अन्य लोग नेहरू स्टेडियम में पांडाल को सजाने में जुटे रहे।

डीएम विनय शंकर पांडे, एसएसपी डॉ. योगेंद्र रावत, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंशुल सिंह, नगर आयुक्त नूपुर वर्मा ने भी नेहरू स्टेडियम और अस्पताल का निरीक्षण किया। डीएम ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने के निर्देश दिए।

विरोधियों पर पुलिस और खुफिया विभाग की नजर
अक्सर रुड़की में मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में किसी न किसी संगठन की ओर से विरोध किए जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इस बार भी तमाम मुद्दों को लेकर संगठन विरोध कर सकते हैं। कांग्रेस की ओर से भी दो दिन से शिलापट्ट को लेकर राजनीति की जा रही है। ऐसे में पुलिस और खुफिया विभाग इस तरह की गतिविधियों पर बारीकी से नजर बनाए हुए है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -


video
play-sharp-fill

video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments