हरिद्वार। कांगड़ा घाट से न्यू संजय पुल के नीचे गंगा के तेज बहाव में फंसे एक युवक को जल पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बचा लिया। युवक की पहचान महेंद्र (22) पुत्र मंगल सिंह, निवासी तहसील स्वार, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार महेंद्र गंगा के तेज बहाव में फंस गया था। युवक के फंसे होने की सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया और युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।
हरिद्वार पुलिस ने श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि गंगा में केवल निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें। तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और पुलिस-प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

