रुड़की। झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी गांव में हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपी अमन उर्फ भरोसी सिंह को पुलिस ने बुधवार तड़के बूढ़पुर गांव के जंगल में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अस्पताल में आरोपी से पूछताछ की है।
पुलिस के अनुसार, झबरेड़ी गांव निवासी अमन उर्फ भरोसी सिंह ने शनिवार को पड़ोसी युवक सूरज सिंह और अपनी सगी बहन रूपा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं।
बुधवार तड़के पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बूढ़पुर गांव के जंगल में स्थित गन्ने के खेतों में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने करीब साढ़े चार बजे चिह्नित खेत को चारों ओर से घेर लिया। पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान गोली अमन के पैर में जा लगी और वह घायल होकर खेत में गिर गया। पुलिस टीम ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया।
झबरेड़ा थाना पुलिस के मुताबिक आरोपी से पूछताछ की जा रही है। दोहरे हत्याकांड से जुड़े घटनाक्रम और वारदात के कारणों को लेकर पुलिस उसके बयान दर्ज कर रही है।

