देहरादून। बल्लीवाला चौक स्थित नाथ वाटिका के पास भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर में घरेलू सहायक ने कथित तौर पर परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ खिलाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी घर से सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया। परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने पर पार्षद अमिता सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उनके पति महिपाल सिंह और बेटे की हालत ठीक बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि अमिता सिंह की बेटी करीब 20 दिन पहले दिल्ली से नेपाल मूल के एक व्यक्ति को घरेलू कामकाज के लिए लेकर आई थी। आरोप है कि मंगलवार रात घरेलू सहायक ने भोजन में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य बेहोश हो गए।
इसी दौरान आरोपी ने घर में रखे सोने के आभूषण समेटे और अपने अन्य साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। कुछ समय बाद परिवार के सदस्यों को होश आया तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपी और उसके साथियों की तलाश में जुटी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

