रुद्रप्रयाग। केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक रूट पर गए पांच सदस्यीय ट्रेकिंग दल से संपर्क टूटने के बाद खोजबीन अभियान शुरू कर दिया गया है। परिजन यशवंत सिंह चौहान ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) रुद्रप्रयाग को इसकी सूचना दी। उन्होंने बताया कि उनके भाई प्रवेश चौहान 25 सितंबर को पांच साथियों के साथ केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर गए थे। दल की ऑडिन कोल होते हुए गंगोत्री जाने की योजना थी।
सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने पुलिस नियंत्रण कक्ष और वन्यजीव प्रभाग गोपेश्वर को मामले की जानकारी दी। इसके साथ ही 40वीं वाहिनी पीएसी से भी समन्वय किया गया। लापता ट्रेकर्स में 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार के अमित फर्सवाण, 40वीं वाहिनी पीएसी रुद्रप्रयाग के नवीन रावत, उत्तरकाशी के फोरेस्टर प्रवेश चौहान, जग्गी बगवान निवासी विवेक और पशुपालन विभाग केदारनाथ में तैनात संजय सिंह रावत शामिल हैं।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र देहरादून के निर्देश पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमें ट्रैक रूट पर सर्च अभियान चला रही हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर यूकाडा के सहयोग से हेलिकॉप्टर के जरिये भी लापता ट्रेकर्स की तलाश की गई, लेकिन उच्च हिमालयी क्षेत्र में कम दृश्यता के कारण हवाई अभियान को फिलहाल स्थगित करना पड़ा।
प्रशासन के अनुसार मौसम अनुकूल होने पर हेलिकॉप्टर से दोबारा सर्च अभियान चलाया जाएगा। वहीं, जमीनी स्तर पर रेस्क्यू टीमें लगातार ट्रैक रूट और आसपास के क्षेत्रों में लापता ट्रेकर्स की तलाश में जुटी हुई हैं।

