रुड़की। अग्निवीर भर्ती परीक्षा 2027 का अगला चरण पांच अक्तूबर से 23 अक्तूबर के बीच रुड़की में आयोजित किया जाएगा। इस चरण में सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) 2027 में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता और दौड़ परीक्षा होगी।
भारतीय सेना की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के करीब तीन हजार अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। इस दौरान अग्निवीर सामान्य ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी और अग्निवीर ट्रेड्समैन के पदों पर भर्ती की जाएगी।
इसके अलावा दोनों राज्यों के अग्निवीर क्लर्क और स्टोर कीपर तकनीकी के अभ्यर्थी भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे।
सेना ने भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ आवश्यक दस्तावेज लाने के निर्देश दिए हैं। दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन के दौरान प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों के सत्यापन के लिए संबंधित प्रमाणपत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।

