रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के दीक्षांत भवन में शनिवार को दो दिवसीय दीक्षा समारोह का शुभारंभ हुआ। समारोह के पहले दिन मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल मौजूद रहे। वहीं चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
दीक्षा समारोह की अध्यक्षता पूर्व सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया एवं आईआईटी रुड़की के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष अधिवक्ता हरीश साल्वे कर रहे हैं। पहले दिन स्नातक पाठ्यक्रम के 1277 छात्र-छात्राओं को उपाधि प्रदान की जाएगी।
संस्थान के अनुसार दो दिवसीय दीक्षा समारोह में कुल 2701 छात्र-छात्राओं को उपाधि प्रदान की जाएगी। पहले दिन स्नातक विद्यार्थियों को उपाधि दी जाएगी, जबकि दूसरे दिन स्नातकोत्तर और पीएचडी विद्यार्थियों का दीक्षा समारोह आयोजित होगा।
समारोह में आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रोफेसर केके पंत, उप निदेशक प्रोफेसर प्रवीण कुमार, डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स प्रोफेसर एनके नवानी, सीनेट के सदस्य, विद्यार्थी और उनके अभिभावक मौजूद रहे।
दूसरे दिन हर्षवर्धन चितले होंगे मुख्य अतिथि
दीक्षा समारोह के दूसरे दिन हीरो मोटोकॉर्प के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हर्षवर्धन चितले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं ऑयलमैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक डॉ. कपिल गर्ग विशिष्ट अतिथि होंगे। दूसरे दिन स्नातकोत्तर और पीएचडी विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।

