हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के बीच अराजकता बढ़ती जा रही है। आए दिन हो रहे हंगामे और विवादों के बीच बुधवार को एक युवक तमंचा लेकर कॉलेज परिसर में घुस गया। संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर छात्रों ने युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से पिस्टल बरामद हुई।
हथियार मिलने की सूचना से कॉलेज परिसर में अफरातफरी मच गई। छात्रों ने युवक की पिटाई करने के बाद उसे प्राचार्य कक्ष में पहुंचाया। कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया और बरामद तमंचे को कब्जे में ले लिया।
घटना के बाद छात्रों में आक्रोश है। छात्रों ने प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी का घेराव कर कॉलेज परिसर में लगातार प्रवेश कर रहे असामाजिक तत्वों को रोकने में बरती जा रही लापरवाही पर सवाल उठाए। छात्रों का कहना है कि प्रदेश के सबसे बड़े महाविद्यालयों में शामिल एमबीपीजी कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता बरतने की जरूरत है।
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया लगभग पूरी होने के बावजूद विद्यार्थियों को बिना परिचय पत्र की जांच के परिसर में प्रवेश दिया जा रहा है। इससे कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने बताया कि युवक से बरामद तमंचा पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

