हल्द्वानी। उत्तराखंड में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को खेल मंत्री रेखा आर्या ने गौलापार क्षेत्र में विश्वविद्यालय निर्माण के लिए स्वीकृत भूमि का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश के खेल भविष्य के लिए ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने बताया कि यह भूमि केवल एक स्थान नहीं, बल्कि वर्षों के संकल्प और समर्पण का परिणाम है। यहां बनने वाला खेल विश्वविद्यालय प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को नई दिशा देगा और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद करेगा।
मंत्री रेखा आर्या ने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय का एकेडमिक ब्लॉक और प्रशासनिक भवन लगभग तैयार हो चुके हैं। सरकार की योजना है कि आगामी सत्र से यहां कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया जाए।
उन्होंने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ाने में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों के लिए मजबूत नींव साबित होगी।
इस दौरान मंत्री ने सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप के प्रशिक्षण शिविर का भी निरीक्षण किया और खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनकी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की बालक और बालिका टीमें एक अप्रैल से शुरू होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करेंगी।
निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक खेल रशिका सिद्दीकी, जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत, लीलावती जोशी, सुनील कुमार, राहुल यादव और कोच गोविंद लटवाल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

