नैनीताल। रामगढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत सतोली में काम की तलाश में पहुंचे मजदूरों पर स्थानीय युवतियों से छेड़छाड़ का आरोप लगा। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और ग्रामीणों ने दो युवकों के मुंह पर कालिख पोत दी। इतना ही नहीं, उनके चेहरे पर बिच्छू भी लगा दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया गया कि पांच से दस मजदूर काम की तलाश में सतोली क्षेत्र में पहुंचे थे। आरोप है कि इनमें से कुछ युवकों ने स्थानीय महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़छाड़ की। युवतियों और ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
आरोप है कि विरोध करने पर दोनों युवकों ने मारपीट की कोशिश की। इससे नाराज ग्रामीणों और युवतियों ने दोनों युवकों की पिटाई कर दी। इसके बाद उनके मुंह पर कालिख पोतने के साथ बिच्छू लगा दिया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। भवाली कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि काम की तलाश में पांच से दस मजदूर क्षेत्र में पहुंचे थे। इनमें से कुछ पर युवतियों से छेड़छाड़ का आरोप है। विरोध करने पर मारपीट की कोशिश के बाद ग्रामीणों और युवतियों ने दो युवकों के साथ मारपीट की और उनके मुंह पर कालिख पोत दी।
कोतवाल ने बताया कि दोनों युवकों को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

