हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने अग्निवीरों के लिए विशेष डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू कर दिया है। इस योजना के तहत गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर (लैंसडाउन) के अग्निवीर बैच AV-08 के प्रशिक्षु अब कौशल आधारित शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, इस डिप्लोमा कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 4 अप्रैल से शुरू हो चुकी है, जो 25 अप्रैल तक जारी रहेगी। सभी पात्र अभ्यर्थियों को तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन पूरा करना अनिवार्य होगा।
दरअसल, एचएनबीजीयू और गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के बीच पहले ही एक समझौता ज्ञापन (MOU) हुआ था, जिसके तहत अग्निवीरों को रोजगारपरक और कौशल आधारित शिक्षा देने के लिए विशेष पाठ्यक्रम तैयार किया गया है। अब इसी के तहत प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग के अनुसार, प्रति अभ्यर्थी कुल पंजीकरण शुल्क 650 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसमें 500 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस और 150 रुपये यूजर चार्ज शामिल हैं।
डीएसडब्ल्यू प्रो. ओपी गुसाईं ने बताया कि अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से सीधे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही, विश्वविद्यालय प्रशासन ने लैंसडाउन स्थित संबंधित अधिकारियों से पंजीकरण प्रक्रिया को निर्धारित नियमों और एमओयू की शर्तों के अनुसार पूरा कराने का अनुरोध किया है।

