श्रीनगर (उत्तराखंड)। उत्तराखंड के श्रीनगर क्षेत्र में शनिवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5 बजकर 2 मिनट पर आए इस भूकंप का असर लगभग एक सेकंड तक रहा।
भूकंप का झटका इतना हल्का था कि ज्यादातर लोगों को इसका एहसास नहीं हुआ, लेकिन जो लोग उस समय घरों में सो रहे थे, उन्होंने कंपन महसूस किया। झटकों के बाद लोगों में कुछ देर के लिए हल्की दहशत का माहौल बन गया।
हालांकि अभी तक किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। प्रशासन की ओर से भी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
बता दें कि उत्तराखंड हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है और यहां समय-समय पर हल्के भूकंप के झटके महसूस होते रहते हैं।

