पिथौरागढ़। त्योहारी सीजन के बीच पिथौरागढ़ नगर में बिजली और पानी की व्यवस्था पटरी से उतर गई है। रविवार को जहां लोगों को दिनभर बिजली कटौती का सामना करना पड़ा, वहीं सोमवार को पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। इससे नगर की 50 हजार से अधिक आबादी को परेशानी झेलनी पड़ी। पानी नहीं आने से लोगों को प्राकृतिक जल स्रोतों का सहारा लेना पड़ा।
दरअसल, आंवलाघाट पेयजल योजना के लिए बिछाई गई बिजली लाइन में फाल्ट आने से पानी की लिफ्टिंग नहीं हो सकी। इस योजना से प्रतिदिन सात से आठ एमएलडी पानी नगर में पहुंचता है, जिससे करीब दो तिहाई आबादी की पेयजल जरूरत पूरी होती है। बिजली लाइन में खराबी के कारण सोमवार को नगर में पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई।
पेयजल आपूर्ति ठप होने से लोग घंटों नलों में पानी आने का इंतजार करते रहे। विभाग से संपर्क करने पर लोगों को बताया गया कि पानी लिफ्ट नहीं होने के कारण आपूर्ति संभव नहीं है। इसके बाद लोगों को अपनी जरूरत पूरी करने के लिए प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी जुटाना पड़ा।
त्योहारी सीजन में बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के बाधित होने से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि त्योहारों के दौरान इस तरह की अव्यवस्था से उनकी मुश्किलें बढ़ रही हैं।
वहीं, जल संस्थान का कहना है कि आंवलाघाट पेयजल योजना में आई तकनीकी दिक्कत को दूर किया जा रहा है। विभाग ने मंगलवार तक पेयजल आपूर्ति सामान्य करने का दावा किया है।

.jpeg)
.jpeg)

