Wednesday, July 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डउत्तराखंड में बारिश का कहर: यमुनोत्री हाईवे पर भूस्खलन, हरिद्वार प्रशासन हाई...

उत्तराखंड में बारिश का कहर: यमुनोत्री हाईवे पर भूस्खलन, हरिद्वार प्रशासन हाई अलर्ट पर

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित होने लगा है। यमुनोत्री हाईवे पर स्याना चट्टी के पास भूस्खलन होने से आवाजाही बाधित हो गई है। हाईवे चौड़ीकरण कार्य के दौरान निर्माण एजेंसी की लापरवाही के कारण क्षेत्र में आए दिन मलबा और पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्याना चट्टी से जानकीचट्टी के बीच कई स्थानों पर सड़क पर मलबा और पत्थर आने से यात्रा बेहद जोखिम भरी हो गई है। खराब मौसम के बीच यात्रियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पर्वतीय इलाकों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।

इधर मानसून को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रखा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि ऊपरी क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते गंगा का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश प्रशासन आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि खानपुर और लक्सर क्षेत्रों में एहतियात के तौर पर सैंडबैग और नौकाओं की व्यवस्था की गई है। साथ ही स्थानीय लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। जलभराव वाले इलाकों में पानी निकासी के लिए सक्शन लाइन और पाइप भी तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments