देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। यमुनोत्री घाटी में मध्य रात्रि से जारी मूसलाधार बारिश के कारण यमुनोत्री हाईवे स्याना चट्टी सहित कई स्थानों पर मलबा और बोल्डर आने से बंद हो गया है। लगातार बारिश के चलते सड़क खोलने का कार्य भी प्रभावित हो रहा है। वहीं कर्णप्रयाग-सिमली मार्ग पर भी बोल्डर गिरने से यातायात बाधित हुआ।
चमोली जिले के नारायणबगड़ स्थित थरालीबगड़ बाजार में एक बार फिर मलबा घुसने से हाईवे बाधित हो गया। हालांकि, बीआरओ ने सोमवार सुबह मलबा हटाकर मार्ग को खोल दिया। बारिश के साथ बहकर आया मलबा कई दुकानों और सरकारी राशन गोदाम तक पहुंच गया। अस्पताल के आगे और जीत सिंह मार्केट क्षेत्र में हाईवे पर मलबा फैलने से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। उधर, कर्णप्रयाग में रविवार रात से बिजली आपूर्ति भी ठप है।
इधर, मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार के लिए उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने राज्य के कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार लगातार बारिश के कारण कई क्षेत्रों की मिट्टी पहले से ही पूरी तरह संतृप्त हो चुकी है। ऐसे में अगले 24 घंटों में तेज बारिश होने पर सतही जल बहाव बढ़ने, भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

