प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बुधवार को भी कई जिलों में ओलावृष्टि और तेज तूफान की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, नैनीताल, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
आने वाले दिनों में भी राहत के आसार कम हैं। पूर्वानुमान के मुताबिक चार मई तक पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है। प्रशासन ने भी स्थिति को देखते हुए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

