उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में सोमवार को मौसम का मिजाज बिगड़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसका असर केवल पहाड़ी इलाकों तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम बदला-बदला रहेगा।
आने वाले दिनों की बात करें तो 27 मार्च तक पूरे प्रदेश में मौसम अस्थिर बना रहेगा। रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री कम 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं, पर्वतीय इलाकों में तापमान में और अधिक गिरावट देखने को मिली है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

