उत्तराखंड में शनिवार को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून समेत टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के कुछ हिस्सों में तेज बारिश, बिजली चमकने और तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई इलाकों में तेज दौर की बारिश होने की संभावना है। वहीं, 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का भी अनुमान जताया गया है। बारिश और तेज हवाओं के चलते मैदानी क्षेत्रों में लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, जबकि पर्वतीय इलाकों में ठंड का अहसास बढ़ सकता है।
शुक्रवार को दिनभर चटक धूप खिलने से लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि शाम होते-होते मौसम ने करवट बदली और ठंडी हवाओं के साथ लोगों को राहत मिली।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

