देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र स्थित एक मंदिर के महंत पर पूजा-अनुष्ठान और धन शुद्धि के नाम पर पूर्व सैनिक दंपती से छह लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। पीड़ित ने कैंट कोतवाली में शिकायत देकर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इससे पहले भी उक्त महंत पर 65 तोला सोना ठगने के आरोप लग चुके हैं।
विलासपुर-कांडली निवासी होम बहादुर थापा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पूर्व सैनिक हैं और वर्तमान में ओएनजीसी फायर सर्विस में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी मनीषा थापा एक आर्मी स्कूल में शिक्षिका हैं। वर्ष 2022 से उनका संपर्क सेलाकुई स्थित वैष्णो देवी मंदिर के महंत राहुल थापा से था।
पीड़ित के अनुसार, राहुल थापा ने पहले भी विभिन्न पूजा-पाठ के नाम पर उनसे धनराशि ली थी, जिससे उन पर उनका विश्वास बन गया। शिकायत में कहा गया है कि वर्ष 2024 में जब दंपती ने नई गाड़ी खरीदने की योजना बनाई तो महंत ने वाहन खरीद के लिए रखी धनराशि की शुद्धि पूजा कराने की सलाह दी। इसके लिए उसने विशेष लकड़ी का एक बाक्स बनवाने और उसमें छह लाख रुपये रखने को कहा।
दंपती ने विश्वास में आकर बैंक खातों से रकम निकालकर व्यवस्था कर ली। आरोप है कि चार अगस्त 2024 को उनके घर में विशेष पूजा कराई गई। पूजा के दौरान छह लाख रुपये कपड़े में बांधकर बाक्स में रखवाए गए और ऊपर लाल कपड़ा डालकर बाक्स बंद कर दिया गया। इसके बाद महंत ने दंपती को छत पर परिक्रमा करने भेज दिया और लौटने पर बाक्स को मंदिर में रखकर दो महीने तक न खोलने की हिदायत दी।
पीड़ित ने बताया कि 15 अक्टूबर 2024 को जब बाक्स खोला गया तो उसमें रुपये नहीं थे। बाक्स के अंदर केवल तीन नारियल और चावल मिले। इसके बाद राहुल थापा से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया और बाद में अलग-अलग बहाने बनाकर मामले को टालता रहा।
होम बहादुर थापा का कहना है कि धार्मिक आस्था और विश्वास के कारण उन्होंने तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं की। हाल ही में राहुल थापा के खिलाफ सामने आए अन्य मामलों की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

